मुंबई इंडियंस लगातार 8वीं मैच हारी। जानिए क्या गलतियाँ कर रही है मुंबई।

- Advertisement -

24 अप्रैल को आईपीएल 2022 के 37वें लीग मैच में मुंबई इंडियंस का सामना लखनऊ सुपर जाइंट्स से हुआ। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। लगातार 7 मैच हरने के बाद उतरी मुंबई की टीम के लिए ये मैच करो या मारो का था। लखनऊ ने पहले खेलते हुए अपने एक ओपनर क्विंटन डि कॉक को इस बार भी जल्दी खो दिया। क्विंटन डि कॉक 4 रन पर मिले जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और मात्र 10 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए। उनके बाद मनीष पांडे ने कप्तान केएल राहुल का साथ निभाया, लेकिन वो भी बड़ा स्कोर नहीं बना पाए और 22 गेंदों पर 22 रन बना कर आउट हो गए। मनीष पांडेय के आउट होते ही लखनऊ की टीम ने मार्कस स्टोइनिस 0(3) और क्रुणाल पंड्या 1(2) को भी जल्दी ही खो दिया।

केएल राहुल का दूसरा शतक:
दूसरे छोर से लगातार विकेट के पतन के बावजूद कप्तान केएल राहुल एक छोर पर टिके रहे। लखनऊ की टीम के मध्य क्रम के लगातार पतन के बावजूद (103/4 ) उन्होंने 62 गेंदों में नाबाद 103 रन बनाए जिनमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल हैं। यह उनका मौजूदा सीजन का दूसरा शतक है। गौरतलब है की उनकी दोनों ही सेंचुरी मुंबई इंडियंस के खिलाफ हीं आई हैं। कप्तान केएल राहुल की पारी की बदौलत लखनऊ ने पहले खेलते हुए 6 विकेट पर 168 रन का संघर्ष पूर्ण स्कोर खड़ा किया। मुंबई के लिए कीरोन पोलार्ड ने दो ओवर में सिर्फ आठ रन देकर दो विकेट लिये। रिले मेरेडिथ को भी दो सफलता मिली जबकि जसप्रीत बुमराह और डेनियल सैम्स ने एक-एक विकेट चटकाये।

- Advertisement -

संघर्ष करती हुई दिखी मुंबई इंडियंस:
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन ने धीमी शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 49 रन जोड़े। हालांकि ईशान आउट ऑफ फॉर्म दिखे। वे 20 गेंद पर सिर्फ 8 रन ही बना सके जिसमे एक भी बाउंड्री नहीं शामिल है। रोहित शर्मा एक बार फिर अच्छी लय में दिखें। लेकिन बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पंड्या ने उनकी पारी को बड़ा नहीं होने दिया। रोहित 31 गेंद पर 39 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद तिलक वर्मा और कायरन पोलार्ड ने टीम को संभाला। तिलक ने 14वें ओवर में रवि बिश्नोई के ओवर में 2 छक्के जड़े। मुंबई को अब आखिरी चार ओवर में 59 रन चाहिये थे और तिलक का साथ दे रहे पोलार्ड (19 रन) ने मोहसिन के खिलाफ छक्का जड़कर हाथ खोला। लेकिन तिलक ने जरूरी रन रेट को कम करने की कोशिश में होल्डर की गेंद पर बिश्नोई को कैच थमा दिया। मुंबई को आखिरी दो ओवर में 44 रन की जरूरत थी और चमीरा ने सिर्फ पांच रन देकर लखनऊ की जीत पक्की कर दी। कृणाल ने आखिरी ओवर में पोलार्ड और डेनियल सैम्स को आउट किया जबकि जयदेव उनादकट रन आउट हुये।

मुंबई इंडियंस से कहाँ हुई चूक:
पांच बार की चैम्पियन टीम मुंबई इंडियंस आईपीएल 2022 से बाहर होने की कगार पर है। इस सीजन में मुंबई की यह लगातार आठवीं हार है और उसने अभी तक एक भी मैच नहीं जीता है। ऐसे में मुंबई का अब प्लेऑफ में जगह बना पाना अब नामुमकिन सा हो गया है। मुंबई के इस शर्मनाक प्रदर्शन का कारण उनका खोया हुआ आत्मविश्वास है। ताबतोड़ शुरुआत और धमाकेदार फिनिश के लिए जानें जाने वाली मुंबई अपने पहले 10 ओवर में 60 रन भी नहीं जोड़ पायी। लगातार मैच हारने का दबाव, टीम के प्रदर्शन में साफ़ देखा जा सकता है। मुंबई इंडियंस के सभी फैन्स को इस साल निराशा झेलनी पड़ेगी क्योंकि लगातार 8 मैच हरने के बाद मुंबई इस साल के टूर्नामेंट से बहार होने वाली पहली टीम बन गयी है।

- Advertisement -